दमोह-कटनी स्टेट हाईवे पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कुम्हारी थाना क्षेत्र के बमनी गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को दमोह जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विश्वकर्मा परिवार के छह सदस्य गुजरात से उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे। परिवार कार से सफर कर रहा था। इसी दौरान जब वाहन दमोह जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र स्थित बमनी गांव के पास पहुंचा, तभी अचानक चालक का नियंत्रण कार से हट गया। तेज रफ्तार कार सड़क पर कई बार पलटी खाते हुए खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे तथा कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल भिजवाया।
दुर्घटना में 24 वर्षीय संतोष विश्वकर्मा और 14 वर्षीय किशोरी शिवानी विश्वकर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं एक युवती सहित 3 पुरुष गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले दमोह जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पढ़ें: एमपी में भीषण गर्मी का कहर: पानी और छांव के अभाव में छिंदवाड़ा में तड़प-तड़प कर गिरे कबूतर, कई की दर्दनाक मौत
बताया गया कि हादसे के समय 108 एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं थी, जिसके बाद प्रशासन ने त्वरित व्यवस्था कर गंभीर घायलों को इमरजेंसी वाहन से जबलपुर रवाना कराया। इस दौरान कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एम्बुलेंस का बंदोबस्त कर रेफर किया।
कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है, वहीं क्षेत्र में भी घटना को लेकर दुख का माहौल बना हुआ है।